बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 10 स्थित बांकी कॉलोनी में सफाई व्यवस्था और जलभराव की समस्याओं को लेकर अब जनप्रतिनिधि ने मोर्चा खोल दिया है। वार्ड पार्षद प्रमोद सोना ने SECL के उपक्षेत्रीय प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी की मूलभूत समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की है।
पार्षद ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि बांकी कॉलोनी में नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। नालियों की समुचित सफाई नहीं होने से गंदगी जमा है और बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति भी गंभीर हो रही है। इससे स्थानीय रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नालियों की गंदगी और जलभराव से बढ़ी परेशानी
ज्ञापन में नालियों की सफाई, सड़कों एवं नालियों में जमा कचरे का तत्काल उठाव तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की गई है। पार्षद का कहना है कि लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से मच्छर एवं कीट-पतंगों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
पार्षद ने SECL प्रबंधन का ध्यान इस ओर भी दिलाया कि बांकी कॉलोनी में SECL के कर्मचारी एवं उनके परिवार बड़ी संख्या में निवास करते हैं। ऐसे में कॉलोनी की सफाई व्यवस्था को नियमित और बेहतर बनाए रखना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
दो दिन की मोहलत, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन
ज्ञापन में पार्षद प्रमोद सोना ने SECL प्रबंधन को अधिकतम दो दिवस के भीतर वार्ड क्रमांक 10 की बांकी कॉलोनी में सफाई, कचरा उठाव, नाली सफाई एवं जलभराव की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समयावधि में समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो वार्डवासियों के साथ मुख्य मार्ग पर धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित SECL प्रबंधन की होगी।
अब देखना होगा कि पार्षद के ज्ञापन और दो दिन की समय-सीमा के बाद SECL प्रबंधन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है। वहीं, स्थानीय रहवासियों को उम्मीद है कि इस पहल के बाद बांकी कॉलोनी की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिलेगी।


Post a Comment